जनवरी 2025 में बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान पर हुए हमले के मामले में मुंबई पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी शरीफुल इस्लाम उर्फ शहज़ाद के खिलाफ बांद्रा कोर्ट में 1000 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की है।
विधिक आवाज़ समाचार | मुंबई, महाराष्ट्र | रिपोर्ट: राजेश कुमार यादव | दिनांक: 09 अप्रैल 2025
चार्जशीट में फोरेंसिक रिपोर्ट, डीएनए परीक्षण, और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान जैसे अहम साक्ष्यों को शामिल किया गया है। फोरेंसिक विश्लेषण से यह पुष्टि हुई है कि सैफ अली खान के शरीर से प्राप्त चोटों के निशान और आरोपी के पास से बरामद चाकू के टुकड़े एक ही हथियार से संबंधित हैं। इसके अतिरिक्त, आरोपी के बाएं हाथ की उंगलियों के निशान भी घटनास्थल पर पाए गए, जिन्हें वैज्ञानिक साक्ष्य के रूप में प्रस्तुत किया गया है।
यह सनसनीखेज हमला 16 जनवरी 2025 को हुआ था, जब आरोपी चोरी की नीयत से अभिनेता के बांद्रा स्थित आवास में घुसा। इस दौरान, अभिनेता सैफ अली खान पर धारदार हथियार से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया गया, जिससे उनकी रीढ़ की हड्डी में चोट आई। उन्हें तत्काल लीलावती अस्पताल में भर्ती किया गया, जहाँ पाँच दिन तक इलाज के बाद 21 जनवरी को छुट्टी मिली।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी बांग्लादेश से अवैध रूप से भारत में प्रवेश कर कोलकाता में कुछ समय बिताने के बाद मुंबई पहुँचा था।
मुंबई पुलिस के मुताबिक, यह हमला पूर्व नियोजित प्रतीत होता है और इसकी तह तक जाने के लिए आगे की जांच जारी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी के अंतरराष्ट्रीय संपर्कों की भी पड़ताल की जा रही है।
इस घटना ने न केवल बॉलीवुड इंडस्ट्री को हिला कर रख दिया, बल्कि मुंबई की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

