मध्यप्रदेश जनअभियान परिषद के मार्गदर्शन में जल गंगा संवर्धन अभियान की शुरुआत सीतामऊ विकासखंड में की गई। इस अभियान के तहत मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम (CMCLDP) के विद्यार्थियों और नवांकुर संस्थाओं के सामाजिक कार्यकर्ताओं ने लदुना लव सागर में श्रमदान कर जल स्रोतों की सफाई का संदेश दिया। इस अवसर पर सभी ने जल संरक्षण की शपथ भी ली।
जल स्रोतों की सफाई आमजन की जिम्मेदारी: श्री निनामा
रिपोर्ट: श्यामलाल चंद्रवंशी | सीतामऊ, मध्यप्रदेश
गंगा संवर्धन अभियान: जल संरक्षण की दिशा में अहम पहल
मध्यप्रदेश जनअभियान परिषद के विकासखंड समन्वयक नारायणसिंह निनामा ने बताया कि गंगा संवर्धन अभियान जल संसाधनों की स्वच्छता और संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए शुरू किया गया है। यह अभियान जल संसाधन मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा संचालित किया जा रहा है, जिसमें 30 मार्च से 30 जून तक विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
श्री निनामा ने कहा कि जल स्रोतों की साफ-सफाई आमजन की जिम्मेदारी है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य नदियों, तालाबों, पुरानी बावड़ियों और सार्वजनिक कुओं की स्वच्छता को सुनिश्चित करना है। उन्होंने बताया कि सामुदायिक भागीदारी से ही इस अभियान को सफल बनाया जा सकता है।
लदुना लव सागर पर सफाई अभियान का आयोजन
अभियान के तहत CMCLDP के विद्यार्थियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने लदुना लव सागर में श्रमदान किया और जल संरक्षण के महत्व पर जागरूकता फैलाई। इस अभियान में सीएमसीएलडीपी परामर्शदाता हेमंत गौड़, हरिओम गंधर्व, चरणसिंह चौहान, मंगला बैरागी और सत्यनारायण प्रजापत सहित अनेक छात्र-छात्राएं शामिल हुए।
इस अवसर पर नवांकुर संस्था ‘खुशी समृद्धि और विकास’ के अध्यक्ष रजनीश शर्मा, नवांकुर संस्था ‘नाटाराम प्रगतिशील विकास समिति’ के कार्यक्रम समन्वयक हरिओम गंधर्व, एवं अन्य सामाजिक कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। सभी ने जल संरक्षण की शपथ लेते हुए समाज को जल स्रोतों की स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।