इंदौर पुलिस ने महिलाओं के लिए सुरक्षित वातावरण निर्माण हेतु "जिम्मेदार मर्दानगी" पर आयोजित किया एक दिवसीय सामुदायिक पुलिस प्रशिक्षण कार्यक्रम
✓ महिला सुरक्षा और उनके सम्मान में पुरुषों की भूमिका पर चर्चा
✓ #ResponsibleMasculinity और #GenderEquality पर जागरूकता बढ़ाने की पहल
इंदौर – महिलाओं के लिए सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से, इंदौर पुलिस द्वारा विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इन कार्यक्रमों का मुख्य लक्ष्य समाज में महिलाओं के खिलाफ अपराधों पर अंकुश लगाना और उनके सम्मान और उन्नति में बाधक समाज की कुरीतियों और कुप्रथाओं को तोड़ना है।
इसी कड़ी में, पुलिस आयुक्त इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह के निर्देशन में, इंदौर पुलिस ने 20 नवंबर 2024 को एक दिवसीय सामुदायिक पुलिस प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया। इस कार्यक्रम का विषय था “जिम्मेदार मर्दानगी”, जिसमें शहर की विभिन्न संस्थाओं के साथ मिलकर पुलिस अधिकारियों और नगर सुरक्षा समिति के सदस्यों को प्रशिक्षित किया गया।
कार्यशाला में पुलिस उपमहानिरीक्षक (A.P.) श्री मनोज कुमार श्रीवास्तव, महिला सुरक्षा के मामलों में कार्यरत अधिकारियों, नगर सुरक्षा समिति के प्रतिनिधियों, और कई सामाजिक संस्थाओं के सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम में महिला अपराधों की रोकथाम और उनके लिए सुरक्षित वातावरण बनाने पर चर्चा की गई। साथ ही यह भी बताया गया कि समाज में लैंगिक भेदभाव को कैसे खत्म किया जाए और इस काम में पुरुषों की भूमिका कितनी महत्वपूर्ण है।
इस दौरान, इंदौर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान जैसे "सृजन-नई दिशा-नया गगन", "अभिमन्यु अभियान", "ऑपरेशन एहसास-गुड टच बैड टच" आदि के बारे में भी जानकारी दी गई। इन अभियानों के माध्यम से महिलाओं और बच्चों को जागरूक किया जा रहा है।
पुलिस उपमहानिरीक्षक श्री मनोज कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि "जिम्मेदार मर्दानगी" का मतलब है कि समाज में महिलाओं को सुरक्षित और सम्मानजनक महसूस कराने के लिए हमें अपनी जिम्मेदारियों को समझना होगा। उन्होंने समाज में बदलाव लाने और महिलाओं के खिलाफ अपराधों को रोकने में पुलिस और नगर सुरक्षा समिति की भूमिका को अहम बताया।
कार्यक्रम का आयोजन इंदौर पुलिस के सहयोग से तीन प्रमुख संस्थाओं - समान संस्था, पहल जनसेवी संस्था, और आस संस्था के साथ किया गया। इन संस्थाओं द्वारा शहर में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, शिक्षा और आत्मनिर्भरता के लिए विभिन्न कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं।
कार्यक्रम का सफल संचालन अति. पुलिस आयुक्त श्रीमती प्रियंका डुडवे ने किया, और सभी का आभार अति. पुलिस आयुक्त श्रीमती सीमा अलावा द्वारा व्यक्त किया गया।
विधिक आवाज समाचार समूह द्वारा आप सभी को जानकारी प्रेषित की जाती है। किसी भी तरह की घटना और जानकारी देने के लिए विधिक आवाज समाचार समूह के व्हाट्सएप नंबर 8827444598, 7223921583 पर भेज सकते हैं। विधिक आवाज समाचार समूह सिर्फ खबरों की कानूनी हकीकत बयां करता है।
#WomenSafety #ResponsibleMasculinity #GenderEquality #CrimePrevention #LegalAwareness #EmpowerWomen #PoliceInitiatives #IndorePolice #CommunityTraining